मौसम विभाग ने पटना, गया, मुजफ्फरपुर, नवादा सहित बिहार के सभी हिस्सों में ग्रीन के साथ ही ऐलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत तेज हवा के साथ ही 3 से 12 एमएम तक बारिश होने की संभावना है। ये स्थिति 11 जून तक रहेगी। हालांकि, उससे पहले 8 जून तक बिहार के पूर्वी हिस्सों को छोड़ कर सभी जगहों पर मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान तेज धूप होगी।
आर्द्रता अधिक होने से उमसभरी गर्मी का एहसास होगा। इसके साथ ही 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेगी, जिसका तीव्रता 17 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। यानी 12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवा को हम आवाजाही के दौरान 17 किलोमीटर प्रति घंटा महसूस करेंगे। जिससे गर्मी का एहसास होगा।
9 जून से बिहार के सभी हिस्सों में मौसम में परिवर्तन होगा। इसका असर दोपहर के बाद दिखाई देगा। तेज हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 11 जून को बंगाल की खाड़ी में तीव्रता वाले निम्न हवा का दबाव सक्रिय होगा। जिससे मानसून सिस्टम के आगे बढ़ने में सहायता मिलेगी। इसके प्रभाव से महाराष्ट्र से होते हुए मानसून 11 जून तक ओडिसा और पश्चिम बंगाल तक पहुंचने की संभावना है।
जिसके बाद वह झारखंड और बिहार में इसका असर दिखाई देगा। फिलहाल, पटना सोमवार को तेज धूप के साथ ही उमसभरी गर्मी का एहसास हो रहा था। शुष्क मौसम की वजह से पटना सहित बिहार के सभी हिस्सों में दिन के साथ ही रात का तापमान सामान्य से 3 से 7 डिग्री अधिक रिकार्ड किया गया। सोमवार को पटना में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस होने की संभावना है। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहेगा।